Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 15 जुलाई को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “चिल्ला एलिवेटेड रोड को मिली तकनीकी मंजूरी, अब तेज़ रफ्तार से चलेगा निर्माण” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि चिल्ला एलिवेटेड रोड निर्माण के लिए तैयार की गई डिजाइन को भारतीय प्राद्यौगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली से मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही इसका निर्माण कार्य तेज होने का रास्ता साफ हो गया है। अहम है कि करीब चार साल काम रुके रहने के बाद बाद नोएडा प्राधिकरण और सेतु निगम ने इसी वर्ष मार्च में चुनी गई एजेंसी से एलाइनमेंट के मुताबिक जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग्स (जीएडी) के आधार पर निर्माण शुरू कराया था। एलिवेटेड रोड की पिलर के लिए पाइलिंग (बुनियाद) का काम शुरू कर परियोजना की ड्राइंग आईआईटी की मंजूरी के लिए भेजी गई थी। नोएडा प्राधिकरण के डीजीएम सिविल विजय रावल ने बताया कि एलिवेटेड रोड की तैयार की गई डिजाइन को आईआईटी की मंजूरी मिल गई है। अब सेतु निगम स्वीकृत ड्राइंग प्राधिकरण में जमा करेगा। जिसके बाद बुनियाद के ऊपर का काम शुरू होगा।
Noida News:
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “आम लोगों के लिए ओखला पक्षी विहार होगा बंद” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा में कांवड़ियों का जत्था आने लगा है। इस कारण कांवड़ मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। सोमवार शाम से कालिंदी कुंज दिल्ली से नोएडा की ओर आने वाली एक लेन को बंद कर दिया गया है। यह डायवर्जन 23 जुलाई तक के लिए बंद किया गया है। यह रास्ता कालिंदी कुंज लाल बत्ती से नोएडा की तरफ आता है। दूसरे रास्ते पर दिल्ली से नोएडा की तरफ वाहन आते रहेंगे। बता दें कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए हुए ओखला पक्षी विहार को लोगों के लिए बंद कर दिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि एक सप्ताह के लिए लोग पक्षी विहार में घूमने नहीं आ सकेंगे। इस दौरान यहां से अधिक संख्या में कांवड़िये गुजरेंगे। इसको देखते हुए आम लोगों का प्रवेश बंद रखा जाएगा। डीसीपी ट्रैफिक लखन सिंह यादव का कहना है कि मार्ग पर बैरिकेड लगाकर यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। डायवर्जन के दौरान सिर्फ कांवड़ ले जाने वाले और शिविर लगाने से संबंधित लोगों को छूट रहेगी। सेक्टर-14ए स्थित चिल्ला बार्डर के पास बने स्थायी ट्रैफिक बूथ ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी निगरानी के लिए लगाई जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल डायवर्जन तो लागू कर दिया गया है लेकिन जब तक अधिक संख्या में कांवड़िये नहीं आते तब तक पीक आवर्स में सड़क को खोल दिया जाएगा।
Hindi News:
अमर उजाला ने 15 जुलाई 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “एयरपोर्ट के पास ढाई मंजिल से ऊंचे भवन बनाने पर रोक, कराएंगे मुनादी” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के 20 किमी के दायरे में कोई ऊंचा निर्माण नहीं हो सकेगा। इसके लिए यमुना प्राधिकरण से अनापत्ति लेनी होगी। वहीं प्रशासन इस दायरे में आने वाले गांवों में मुनादी भी कराएगा जिससे कोई नया निर्माण नहीं हो। ऊंचाई से अधिक कोई भी निर्माण होते मिलने पर इसे तत्काल तोड़ने की कार्रवाई भी यमुना प्राधिकरण करेगा। यमुना प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया किया एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए यह जरूरी है कि ऊंचाई प्रतिबंध लागू रहे। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सीईओ किरन जैन ने इसके लिए पब्लिक नोटिस पहले ही जारी कर दिया है। इसके बाद अब डीएम मनीष वर्मा के निर्देश पर मुनादी कराए जाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। प्राधिकरण व प्रशासन संयुक्त रूप से मुनादी कराए जाने के काम इस दायरे में आने वाले गांवों में करेंगे। इस मुनादी में बताया जाएगा कि ढ़ाई मंजिल से अधिक ऊंचा निर्माण नहीं करना है। अगर आबादी के अंदर भी ऐसा कोई निर्माण किया जाना है। इसके लिए जरूरी अनुमति प्राधिकरण से लेनी होगी। ऐसा अवैध रूप से बनने वाले बिल्डर फ्लोर व अन्य निर्माण को होने से रोकने के लिए किया जाना है।
यीडा के सेक्टरों में भी यह नियम लागू रहेगा। ऐसे में एयरपोर्ट के नजदीक 20 किमी तक कोई भी निर्माण का नक्शा स्वीकृत कराने के लिए एयरपोर्ट क्षेत्र की अनापत्ति भी लगेगी। यह ऊंचाई प्रतिबंध नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा निर्धारित नियमों के मुताबिक रहेगा। एयरपोर्ट की सीईओ का कहना है कि यह मंजूरी केवल एक नियामक औपचारिकता नहीं है, बल्कि उड़ान संचालन और नेविगेशन सिस्टम को किसी भी अवरोध से बचाने के लिए आवश्यकता भी है। ऐसा नागरिक उड्डयन मंत्रालय (विमान संचालन की सुरक्षा हेतु ऊंचाई प्रतिबंध) नियम, 2015 के मुताबिक है। यह नियम अवैध निर्माण के अलावा बाधा बन रहे पेड़ों को भी हटाने की कार्रवाई की शक्ति देता है।
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 15 जुलाई 2025 का प्रमुख समाचार “प्यार में किशोरी ने दी जान, प्रेमी बना पहेली” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि गौतमबुद्ध नगर जिले सुरजपुर थाना क्षेत्र से प्रेमी के साथ गई किशोरी का शव गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के पास मिला है। शव के पास मिले सुसाइड नोट में किशोरी ने समाज के डर से प्रेमी के साथ जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की बात लिखी है। लेकिन, जांच में पुलिस को सोनू नाम के प्रेमी का कोई पता नहीं लग सका है। ऐसे में अब किशोरी का प्रेमी पुलिस के लिए पहेली बन गया है। पुलिस जांच कर रही है कि किशोरी के साथ फरार हुआ किशोर कौन है, कहां का है और किशोरी की मौत के बाद वह अचानक कहां गायब हो गया है। गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के बाहर टेंपो स्टैंड के पास रविवार सुबह एक किशोरी का शव बरामद हुआ, जिसकी मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। घटना स्थल के पास ही एक स्कूटी और सुसाइड नोट मिला। इससे किशोरी की पहचान महोबा जिले के थाना अषाढ़ क्षेत्र की रहने वाली मोहनी के रूप में हुई है। मोहनी यहां सूरजपुर में पिता बबलू व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ किराये पर रहती थी। बरामद स्कूटी नोएडा निवासी अतुल अग्रवाल के नाम से पंजीकृत है। सुसाइड नोट में लिखा है कि किशोरी और सोनू नाम का युवक आपस में प्रेम करते हैं। समाज के डर से दोनों आत्महत्या कर रहे हैं, क्योंकि समाज के लोग उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेंगे। पुलिस की जांच में अब तक सोनू के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि किशोरी ने जहरीला पदार्थ खुद खाया या फिर उसकी जहर देकर हत्या की गई है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि प्रेमी के झांसे में आकर किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद किशोर स्कूटी छोड़कर मौके से फरार हो गया। ऐसे में पुलिस फिलहाल आत्महत्या के साथ ही इस मामले को हत्या के एंगल से भी देख रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हकीकत सोनू के सामने आने पर ही पता चल सकेगी।
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में प्रमुख समाचार “असफल आवेदकों के खाते में आज पहुंच जाएगी रकम” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि यमुना प्राधिकरण की आवासीय भूखंड योजना में असफल आवेदकों के खाते में मंगलवार शाम तक पंजीकरण राशि की रकम वापस हो जाएगी। यीडा ने सफल आवेदकों को आवंटन पत्र जारी करना शुरू कर दिया है। आवेदन पत्र जारी होने की तिथि के 60 दिन में सफल आवेदकों को भूखंड की कुल कीमत की 90 प्रतिशत रकम जमा करानी होगी। अन्यथा आवंटन निरस्त हो जाएगा। यीडा की दो सौ वर्गमीटर के 276 भूखंडों के लिए शुक्रवार को इंडिया एक्सपो मार्ट में ड्रा प्रक्रिया हुई थी। योजना में कुल 54225 आवेदकों ने आवेदन किया था। 276 भूखंडों के आवंटन के बाद असफल आवेदक 53,949 रह गए। प्राधिकरण ने दावा किया था कि असफल आवेदकों को 48 घंटे में पंजीकरण राशि के तौर पर जमा भूखंड की कुल कीमत की 10 प्रतिशत राशि यानि सात लाख वापस कर दिए जाएंगे। शनिवार व रविवार को अवकाश के कारण पंजीकरण राशि मंगलवार शाम तक वापस होगी। ओएसडी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि आवंटन पत्र जारी होने की तिथि से साठ दिन में सफल आवेदकों को आवंटन राशि के तौर पर भूखंड की 90 प्रतिशत का भुगतान करना होगा। असफल आवेदकों की पंजीकरण राशि मंगलवार शाम तक वापस हो जाएगी
Noida News: